निगोहां,लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के राती गांव में पूर्व रंजिश के चलते एक युवती को फोन कर गाली-गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक निगोहा थाना क्षेत्र राती गांव निवासी रोशनी रावत ने निगोहां पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के ही चन्द्रपाल रावत से पुरानी रंजिश चली आ रही है। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी ने उसके मोबाइल फोन पर कॉल कर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गालियां दीं और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। घटना से आहत युवती ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की।पीड़िता की तहरीर के आधार पर निगोहां पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपों की सत्यता की जांच कर रही है और कॉल डिटेल समेत अन्य तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है।निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
=======================================≠=====
खेत की रखवाली करने गए परिवार पर घात लगाकर हमला, मां का हाथ टूटा, पिता-पुत्र घायल………
निगोहां, लखनऊ। निगोहां थाना क्षेत्र के गौसनगर मजरा उतरावां गांव में खेत की रखवाली करने गए एक परिवार पर घात लगाकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। लाठी-डंडों, लोहे की सरिया और धारदार हथियारों से हुए हमले में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि मां का हाथ टूट गया। पुलिस ने चार आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गौसनगर मजरा उतरावां निवासी सरवन के अनुसार वह अपनी मां सावित्री और पिता सियाराम के साथ खेत की रखवाली करने गया था। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे गांव के दिनेश कुमार, नन्हू, गोलू और अमित कुमार अचानक लाठी-डंडे, लोहे की सरिया और धारदार हथियार लेकर पहुंच गए और परिवार पर हमला बोल दिया।हमले में सरवन और उसके पिता सियाराम के सिर में गंभीर चोटें आईं, जबकि बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां सावित्री के हाथ पर गंभीर चोट लगने से फ्रैक्चर हो गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।पीड़ित सरवन की तहरीर पर निगोहां पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ जानलेवा हमला समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस घटना के कारणों और आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।निगोहां थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर चार नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
