राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने एसडीएम पवन पटेल को सौंपा ज्ञापन, समस्याओं के समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी…….
मोहनलालगंज, लखनऊ। तहसील मोहनलालगंज में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा यूरिया और डीएपी खाद वितरण के लिए फार्मर रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किए जाने के बावजूद राजस्व अभिलेखों में तकनीकी खामियों और लेखपालों द्वारा हिस्से नहीं खोले जाने के कारण बड़ी संख्या में किसान पंजीकरण से वंचित हैं।ज्ञापन में बताया गया कि जिन किसानों की जमीन की रजिस्ट्री हो चुकी है, दाखिल-खारिज भी हो गया है और उनके नाम खतौनी में दर्ज हैं, उनका भी फार्मर रजिस्ट्रेशन नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा जिन गाटों की एक से अधिक लोगों ने रजिस्ट्री कराई है, ऐसे किसान भी पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पा रहे हैं। किसानों का कहना है कि रजिस्ट्रेशन न होने की स्थिति में उन्हें यूरिया और डीएपी खाद मिलने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी पवन पटेल ने किसानों को आश्वस्त किया कि सभी पात्र किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन कराने के लिए संबंधित रजिस्ट्रार को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शासनादेश में बदलाव उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है, लेकिन वर्ष में तीन बार खाद वितरण से संबंधित व्यवस्था के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा।वहीं सहायक खंड विकास सहकारिता अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में उच्च अधिकारियों से वार्ता की जाएगी, ताकि जिन किसानों के एम-पैक्स के तहत पासबुक बनी हुई है, उन्हें दोबारा फार्मर रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता न पड़े और उनकी समस्या का स्थायी समाधान हो सके।राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी दिनों में किसानों को खाद की किल्लत का सामना करना पड़ा तो तहसील मुख्यालय पर किसानों का बड़ा आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।इस दौरान संगठन के मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, जिला महामंत्री राम सिंह, अरविंद कुमार, राम कुमार तथा सुरेश तमोरिया सहित अन्य किसान पदाधिकारी मौजूद रहे।
