लालगंज ब्लाक प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने सांसद तक पहुंचाई पीड़ा, मिली आर्थिक सहायता
लालगंज (रायबरेली)। लालगंज ब्लाक क्षेत्र के मीठापुर बढैया
की निवासी कैंसर पीड़िता कामिनी देवी को उपचार के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से ₹3 लाख की आर्थिक सहायता स्वीकृत हुई है। इस सहायता को दिलाने में लालगंज ब्लॉक प्रभारी अजय प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने पीड़िता की समस्या को गंभीरता से लेते हुए रायबरेली सांसद राहुल गांधी के संज्ञान में पहुंचाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैंसर से पीड़ित कामिनी देवी आर्थिक तंगी के कारण उपचार कराने में असमर्थ थीं। इस दौरान कांग्रेस के लालगंज ब्लॉक प्रभारी अजय प्रताप सिंह ने पीड़िता की समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा व रायबरेली सांसद राहुल गांधी को अवगत कराया और आर्थिक सहायता दिलाने के लिए आवश्यक प्रयास किए।
रायबरेली सांसद राहुल गांधी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र भेजकर सहायता की अनुशंसा की। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा जारी पत्र के अनुसार, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से ₹3 लाख की सहायता राशि स्वीकृत की गई, जिसे सीधे अस्पताल के खाते में एनईएफटी/आरटीजीएस के माध्यम से भेज दिया गया है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के पत्र में उल्लेख है कि यह राशि कैंसर उपचार के लिए स्वीकृत की गई है तथा इसे सीधे संबंधित अस्पताल को हस्तांतरित किया गया है। पीड़िता का उपचार लखनऊ स्थित एसजीपीजीआई में चल रहा है।
इस पूरे प्रकरण में रायबरेली शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव के प्रयासों की भी सराहना की जा रही है। वहीं अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा के मार्गदर्शन और सहयोग को भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण बताया है।
कामिनी देवी एवं उनके परिजनों ने आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए रायबरेली सांसद राहुल गांधी, अमेठी सांसद किशोरी लाल शर्मा, ब्लॉक प्रभारी अजय प्रताप सिंह तथा शहर अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव के प्रति आभार व्यक्त किया है।
