नगराम, लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के गुमवाखेड़ा मजरा बहरौली गांव में आबादी की जमीन पर कथित कब्जे का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि विरोध करने पर दबंगों ने बुजुर्ग पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और बीच-बचाव करने पहुंची उनकी बहू के साथ भी मारपीट कर घायल कर दिया। घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पीड़िता प्रीती, पत्नी अतुल कुमार, निवासी गुमवाखेड़ा मजरा बहरौली, थाना नगराम ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार दोपहर करीब 2 बजे बेचालाल पुत्र जसकरन, उसकी पत्नी, अजय पुत्र गोमती निवासी मंझार थाना लोनीकटरा बाराबंकी तथा बेचालाल के मामा मंगल निवासी महेशखेड़ा थाना गोसाईगंज अपने साथियों के साथ उसकी आबादी की जमीन पर जबरन कब्जा करने लगे।आरोप है कि जब प्रीती के ससुर रामआधार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंची प्रीती के साथ भी मारपीट की गई। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। मारपीट में प्रीती को भी शरीर पर चोटें आई हैं। घटना के दौरान उसके पति ने डायल 112 पर सूचना देकर पुलिस को मौके पर बुलाया।थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
