गुरुवार शाम घर से निकला था किशोर, निगोहां बस स्टॉप पर अंतिम बार देखे जाने की जानकारी……
निगोहा। लखनऊ, रायबरेली जनपद के बछरावां थाना क्षेत्र के कुर्री सुधौली गांव का रहने वाला 17 वर्षीय किशोर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों की शिकायत पर बछरावां पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर किशोर की तलाश शुरू कर दी है। घटना बीते गुरुवार की बताई जा रही है।जानकारी के अनुसार, कुर्री सुधौली निवासी सानिध्य गुप्ता ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसका 17 वर्षीय भाई रिग्गेश गुप्ता गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे घर से जीपीजीआई, मवैया जाने के लिए निकला था। परिजनों ने उसे सुधौली से एक ई-रिक्शा पर बैठाया था। बाद में जब देर रात तक वह अपने गंतव्य और घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
पूछताछ में ई-रिक्शा चालक ने बताया कि उसने रिग्गेश को निगोहां बस स्टॉप पर उतार दिया था। इसके बाद से किशोर का कोई सुराग नहीं लग सका। काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता न चलने पर परिजनों ने बछरावां थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।परिजनों के अनुसार, लापता किशोर का नाम रिग्गेश गुप्ता, उम्र 17 वर्ष, रंग सांवला है। घटना के समय उसने काली लोवर और हरे रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी।बछरावां पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है और किशोर की तलाश के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों सहित संभावित स्थानों पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को उक्त किशोर के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस स्टेशन या बछरावां पुलिस को सूचना दें।
