पत्रकार, अधिवक्ता, व्यापारी, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने एक स्वर में उठाई निष्पक्ष जांच व दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
मोहनलालगंज, लखनऊ। बिहार के भोजपुर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित बिलौटी गांव निवासी समाजसेवी भरत भूषण तिवारी की 16 जून को हुई संदिग्ध मौत के विरोध में रविवार को मोहनलालगंज कस्बे में निगोहां प्रेस क्लब के बैनर तले विशाल कैंडल मार्च निकाला गया। कैंडल मार्च में पत्रकारों, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और सैकड़ों युवाओं ने शामिल होकर दिवंगत समाजसेवी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।वक्ताओं ने कहा कि भरत भूषण तिवारी हमेशा समाजहित के कार्यों में अग्रणी रहे और गरीबों, जरूरतमंदों तथा सामाजिक सरोकारों के लिए निरंतर संघर्ष करते रहे। उनका कहना था कि 16 जून को पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई उनकी मौत ने पूरे देश के सामाजिक संगठनों, पत्रकारों और आम नागरिकों को झकझोर कर रख दिया है। इस घटना की निष्पक्ष जांच कर सभी जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि देशभर में लगातार हो रहे धरना-प्रदर्शन, कैंडल मार्च और जनआंदोलन के दबाव के बाद संबंधित आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा तो दर्ज किया गया, लेकिन अभी तक सभी जिम्मेदार लोगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी है। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच किसी निष्पक्ष एजेंसी से कराई जाए और दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के अनुसार कठोरतम सजा दी जाए।कैंडल मार्च की शुरुआत मोहनलालगंज कस्बे के कलवीर बाबा मंदिर परिसर से हुई। हाथों में मोमबत्तियां और न्याय की मांग लिखी तख्तियां लिए लोग शांतिपूर्वक कस्बे के प्रमुख मार्गों से गुजरे। पूरे रास्ते लोगों ने भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए न्याय की मांग बुलंद की। मार्च का समापन पुनः मंदिर परिसर में हुआ, जहां सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि न्याय मिलने तक लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यदि दोषियों के विरुद्ध समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो देशभर में जनआंदोलन और तेज किया जाएगा।कैंडल मार्च को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मोहनलालगंज पुलिस पूरे समय मुस्तैद रही। पुलिस बल ने पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभालने के साथ यातायात को भी सुचारु बनाए रखा, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।इस अवसर पर श्री राजपूत करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश सिंह, मोहनलालगंज बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री ललित मिश्रा, मान्यता प्राप्त पत्रकार योगेंद्र तिवारी, निगोहां प्रेस क्लब के संरक्षक मुकेश द्विवेदी, अध्यक्ष विमल सिंह, वरिष्ठ पत्रकार ललित दीक्षित, वरिष्ठ पत्रकार सरोज यादव, नवीन वर्मा, कृष्ण गोपाल मिश्रा, सनी पांडे, अनुराग तिवारी, अवनीश पांडे, राघवेंद्र सिंह, मुकेश मिश्रा,उमेश गुप्ता, सतेंद्र मिश्रा, सौरभ सिंह, सुजीत गुप्ता, अक्षत मिश्रा, रमेश द्विवेदी, राजेश मिश्रा, धीरज तिवारी, सूरज तिवारी, बबलू जायसवाल, राम जी विनय मिश्रा, मुकुल सिंह, मनोज यादव,सिसेंडी व्यापार मंडल के अध्यक्ष इमरान खान, महामंत्री वीरेंद्र शुक्ला ‘सोनू’, शिक्षामित्र संघ नेता प्रदीप सिंह, हामिद, संतोष बाथम, समाजसेवी मुरारी सिंह राठौड़, समाजसेवी पुष्पराज सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में पत्रकार, अधिवक्ता, व्यापारी, समाजसेवी एवं युवा मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में कहा कि जब तक भरत भूषण तिवारी को न्याय नहीं मिलेगा और दोषियों को कठोर सजा नहीं मिलेगी, तब तक लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष जारी रहेगा।
