निगोहां के वीरसिंहपुर गांव की घटना, दोनों तरफ से पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा…..
खेत की मेड़ बांधने और काटने को लेकर आमने-सामने आए दो पक्ष……
महिलाओं समेत दोनों पक्षों के कई लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती……
पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर दर्ज की एफआईआर, जांच शुरू…..
निगोहा। निगोहा के रंजीतखेड़ा मजरा वीरसिंहपुर गांव में खेत की मेड़ को लेकर दो पक्षों के बीच उपजा विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर धारदार हथियार, बांका, कुल्हाड़ी और लाठी-डंडे चले, जिसमें महिलाओं समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।घर में घुसकर किया हमला……पहले पक्ष के हरीराम का आरोप है कि उनका बेटा लवकुश खेत की मेड़ बांध रहा था, तभी गांव के ही टिंकू, सरवन, पवन और गोलू ने उसे वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद आरोपी लामबंद होकर लाठी-डंडा, बांका और कुल्हाड़ी से लैस होकर उनके घर पर धावा बोल दिया। हमले में हरीराम के सिर पर धारदार हथियार से वार किया गया। बीच-बचाव करने आईं उनकी बेटियां सुमन, रमन और चमन भी लहूलुहान हो गईं। ग्रामीणों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।मेड़ काटने का विरोध करने पर कुल्हाड़ी से काटी उंगलियां……वहीं, दूसरे पक्ष के टिंकू ने भी पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। टिंकू का आरोप है कि लवकुश और हरीराम उनके खेत की मेड़ काट रहे थे। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने घर से कुल्हाड़ी और बांका लाकर उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में पवन कुमार के बाएं हाथ की दो उंगलियां गंभीर रूप से कट गईं, जबकि श्रवण कुमार के सिर पर कुल्हाड़ी लगने से गहरा घाव हुआ है। मारपीट में टिंकू और उसकी बहन गुड़िया देवी को भी चोटें आई हैं। निगोहा थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से संबंधित धाराओं में क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
