इन्हौना/अमेठी। इन्हौना क्षेत्र में प्रधान प्रतिनिधि सरफराज के नेतृत्व में हुसैनी लंगर-ए-आम का आयोजन किया गया। हजरत इमाम हुसैन की याद में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर लंगर ग्रहण किया और अमन, भाईचारे तथा इंसानियत का संदेश दिया।कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए लोगों ने शिरकत की। लंगर में सभी समुदायों के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया, जिससे आपसी सौहार्द और एकता की मिसाल देखने को मिली।आयोजक सरफराज प्रधान प्रतिनिधि ने बताया कि हुसैनी लंगर का उद्देश्य हजरत इमाम हुसैन की कुर्बानी, इंसाफ, मानवता और सेवा के संदेश को लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि समाज में प्रेम, भाईचारा और इंसानियत की भावना को मजबूत करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेवकों एवं स्थानीय लोगों ने व्यवस्था संभाली। उपस्थित लोगों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे सामाजिक और धार्मिक सौहार्द की मिसाल बताया।
