निगोहां।लखनऊ, निगोहां गांव में खेत पर जबरन कब्जा करने के प्रयास, खेत की घेराबंदी को नुकसान पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना बीते शुक्रवार की बताई जा रही है, जबकि पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सोमवार को मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार, निगोहां निवासी अंजनी कुमार पुत्र स्वर्गीय सूर्यपाल ने निगोहां थाने में दी गई तहरीर में बताया कि उनकी खसरा संख्या 1307, रकबा 0.176 हेक्टेयर जमीन निगोहां गाँव में स्थित है। आरोप है कि गांव के ही रामखेलावन, उनके पुत्र सुशील कुमार तथा उनके परिवार की महिलाओं ने खेत पर लगी घेराबंदी के खंभे और तार तोड़कर फेंक दिए तथा भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया।पीड़ित का यह भी आरोप है कि इससे पहले भी आरोपितों ने खेत पर लगे खंभों को क्षतिग्रस्त किया था। विरोध करने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई, जिससे वह और उनका परिवार भयभीत है।पीड़ित की शिकायत पर निगोहां पुलिस ने सोमवार को संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी अनुज तिवारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
