इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की गुहार भी अनसुनी, पीजीआई थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग
लखनऊ l पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन सेक्टर-6 में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक से घर लौट रही एक महिला को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोप है कि दुर्घटना के बाद कार चालक ने इंसानियत दिखाने के बजाय घायल महिला को सड़क पर छोड़ दिया और कार लेकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित परिवार ने पीजीआई थाने में तहरीर देकर आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार, वृंदावन सेक्टर-6 निवासी पूर्णिमा दिलेदी शनिवार सुबह करीब 7:40 बजे मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान ग्रे रंग की कार UP32 KE 6363 तेज गति से आई और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिर पड़ीं और उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट आ गई।घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। घायल महिला के पुत्र अथर्व दिलेदी ने बताया कि उन्होंने और उनकी मां ने कार चालक से अस्पताल पहुंचाने और उपचार में मदद करने का अनुरोध किया, लेकिन चालक ने उनकी एक नहीं सुनी। आरोप है कि चालक बिना कोई सहायता किए कार लेकर मौके से फरार हो गया।इसके बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को ऑटो के माध्यम से अपोलो हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला के पैर में गंभीर चोट आई है और उनका इलाज चल रहा है।घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पीजीआई थाने पहुंचकर कार चालक के विरुद्ध तहरीर दी और मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा वाहन नंबर के आधार पर चालक की पहचान कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
