मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में एक गांव में एक महिला के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है। मोहनलालगंज पुलिस अनुसार पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि बीती देर रात वह अपने पति के साथ घर की छत पर सो रही थी। देर रात प्यास लगने पर वह पानी पीने के लिए नीचे आई। आरोप है कि इसी दौरान मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के गोपाल खेड़ा निवासी अजय पुत्र रेवती पीछे से आया और उसका मुंह दबा दिया, जिससे वह शोर नहीं मचा सकी।पीड़िता का आरोप है कि आरोपी उसे जबरन घर से उठाकर पास के जंगल में ले गया, जहां उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह आरोपी के चंगुल से छूटने के बाद उसने घटना की जानकारी परिजनों को दी और पुलिस से शिकायत की।पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई में जुट गई।पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित कर दी गई है। मामले में साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं तथा विधिक कार्रवाई प्रचलित है। पुलिस का दावा है कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
