निगोहा।लखनऊ, निगोहां थाना क्षेत्र स्थित सुदौली मोड़ के पास सोमवार को हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से राष्ट्रीय पक्षी मोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। राष्ट्रीय पक्षी की मौत से क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मोर उड़ान भर रहा था। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह नीचे गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और निगोहां पुलिस को दी।सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और निगोहां पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने मृत मोर को कब्जे में लेकर पंचनामा सहित आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम और अन्य आवश्यक औपचारिकताओं के लिए भेजा गया।
वन विभाग के अधिकारी रईस खान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मोर की मौत हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से हुई प्रतीत हो रही है। मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई। ग्रामीणों का कहना है कि खुले क्षेत्रों से गुजरने वाली हाईटेंशन लाइनों के आसपास पक्षियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम किए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। लोगों ने संबंधित विभागों से बिजली लाइनों पर बर्ड डाइवर्टर जैसे सुरक्षा उपकरण लगाने और वन्यजीव संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
