मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज क्षेत्र से एक 18 वर्षीय कॉलेज छात्रा के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। छात्रा सोमवार को रोज की तरह कॉलेज पढ़ने गई थी, लेकिन छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंची। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने मोहनलालगंज थाने में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कर छात्रा की तलाश किए जाने की मांग की है।
फुलवरिया नगर पंचायत निवासी काशी प्रसाद पाल पुत्र स्वर्गीय राम नारायण पाल के अनुसार उनकी पुत्री। 18वर्षीय शिवांगी पाल बलराम कृष्ण एकेडमी, अतरौली स्थित डिग्री कॉलेज में बीए की छात्रा है। सोमवार सुबह वह प्रतिदिन की भांति पढ़ाई के लिए कॉलेज गई थी। सामान्यतः कॉलेज की छुट्टी दोपहर करीब 1:30 बजे होने के बाद वह लगभग 2 बजे तक घर पहुंच जाती थी, लेकिन सोमवार को वह निर्धारित समय तक घर नहीं लौटी।बेटी के देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। परिवार के लोग तत्काल कॉलेज पहुंचे, लेकिन तब तक कॉलेज बंद हो चुका था। वहां मौजूद गार्ड ने बताया कि शिवांगी सुबह कॉलेज आई थी और छुट्टी के बाद अन्य छात्रों की तरह कॉलेज से निकल गई थी।इसके बाद परिजनों ने अपने सभी रिश्तेदारों, परिचितों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। अंततः परिजनों ने मोहनलालगंज थाने पहुंचकर तहरीर दी और छात्रा की गुमशुदगी दर्ज कर जल्द से जल्द खोजबीन किए जाने की मांग की।पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही छात्रा के संभावित जगहों और अन्य पहलुओं पर भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि छात्रा का जल्द पता लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
