मुख्य अतिथि स्वतंत्र देव सिंह के संबोधन के बीच पार्टी विरोधी नारे, पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर शुरू की पूछताछ…….
मोहनलालगंज। लखनऊ,मोहनलालगंज स्थित सत्य शिव रिजॉर्ट में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी का विधानसभा स्तरीय बूथ अध्यक्ष सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में उत्तर प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में भाजपा के पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ मौजूद रही। सम्मेलन का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद मुख्य अतिथि सहित अन्य पदाधिकारियों का स्वागत और सम्मान किया गया।सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन है। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष केवल संगठन का पदाधिकारी नहीं बल्कि पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने वाले सबसे महत्वपूर्ण कार्यकर्ता हैं। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहने, नए मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी हर घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा की लगातार चुनावी सफलताओं के पीछे बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत और जनता का विश्वास सबसे बड़ा कारण है।भाजपा जिला महामंत्री धीरेन्द्र पांडेय ‘धीरू’ ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा का संगठन बूथ से शुरू होकर राष्ट्र निर्माण तक की यात्रा तय करता है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों को देखते हुए प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने क्षेत्र में संगठन को और मजबूत करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय बनाए रखते हुए जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया।भाजपा जिलाध्यक्ष विजय मौर्य ने कहा कि संगठन की वास्तविक शक्ति बूथ स्तर पर दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा, समर्पण और अनुशासन की भावना से कार्य करता है। उन्होंने सभी बूथ अध्यक्षों से आगामी चुनावों की तैयारियों में अभी से जुट जाने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता अभियान, मतदाता संपर्क अभियान तथा आगामी चुनावों की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन का संचालन जिला उपाध्यक्ष राजकुमार पटेल ने किया। जिला मीडिया प्रभारी चिंतामणि पांडेय ने बताया कि कार्यक्रम में क्षेत्रीय उपाध्यक्ष चंद्रा रावत, ब्लॉक प्रमुख मोहनलालगंज ओमप्रकाश शुक्ला, ब्लॉक प्रमुख गोसाईंगंज विनय वर्मा, अजय पांडे सत्यम, जिला उपाध्यक्ष के.के. अवस्थी, जिला उपाअध्यक्ष हंसराज रावत, जिला महामंत्री धीरेन्द्र पांडेय ‘धीरू’, मंडल अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह मोनू शिवकुमार रावत, बलराम कश्यप, पंकज नयन, ललित सिंह, मंडल मीडिया प्रभारी आशीष द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि के भाषण के दौरान युवती के विरोध से मची अफरा-तफरी……
सम्मेलन शांतिपूर्वक चल रहा था और मुख्य अतिथि स्वतंत्र देव सिंह मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। इसी बीच अचानक कार्यक्रम स्थल के बाहर एक युवती द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जाने से माहौल गर्मा गया। जानकारी के अनुसार मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के कल्ली पूरब गांव की रहने वाली 18 वर्षीय बीएससी द्वितीय वर्ष की छात्रा कार्यक्रम स्थल के बाहर पहुंची और सड़क किनारे लगाए गए भारतीय जनता पार्टी के झंडों में से एक झंडा उठा लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती ने झंडा उठाने के बाद पार्टी विरोधी नारे लगाने शुरू कर दिए। कुछ ही देर में कार्यक्रम में मौजूद भाजपा नेता और कार्यकर्ता बाहर निकल आए। देखते ही देखते सत्य शिव रिजॉर्ट के बाहर लखनऊ-रायबरेली हाईवे पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीर और आसपास के लोग भी रुककर पूरे घटनाक्रम को देखने लगे। कुछ समय के लिए सड़क पर जाम जैसी स्थिति बन गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही कार्यक्रम में मौजूद नगर पंचायत प्रतिनिधि अजय पांडेय, सत्यम पांडेय, भाजपा जिला महामंत्री धीरेन्द्र पांडेय ‘धीरू’, जिला युवा अध्यक्ष हंसराज रावत, मोहनलालगंज मंडल अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह मोनू सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। सभी ने युवती को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को शांत कराने की कोशिश की।
घटना की सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने साथ कोतवाली ले गई। पुलिस के अनुसार युवती को महिला हेल्प डेस्क पर बैठाकर पूछताछ की जा रही है।पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवती ने बताया कि सड़क पर लगाए गए झंडे के कारण उसने उसे हटाया था। पुलिस का यह भी कहना है कि पूछताछ के दौरान युवती द्वारा एक अन्य राजनीतिक दल के समर्थन में नारे लगाए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।एसीपी राजेश कुमार सिंह के अनुसार घटना के दौरान कानून-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही। समय रहते पुलिस और पार्टी पदाधिकारियों के हस्तक्षेप से स्थिति सामान्य हो गई। मामले में उपलब्ध तथ्यों और जांच के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
