नगराम। लखनऊ,नगराम पुलिस ने महज दो दिन के भीतर करोरा गांव स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके में हुई लाखों रुपये की चोरी का सफल खुलासा करते हुए एक पिता और उसके 16 वर्षीय नाबालिग पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की 1,11,900 रुपये की नकदी तथा वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की सरिया बरामद की है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई सनसनीखेज चोरी का पर्दाफाश हो गया है।जानकारी के अनुसार, नगराम थाना क्षेत्र के करोरा गांव स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके का संचालन संदीप सिंह द्वारा किया जाता है। बीते रविवार की रात अज्ञात चोरों ने ठेके का शटर लोहे की सरिया से उखाड़कर अंदर रखे गल्ले से नकदी पार कर दी थी। घटना की जानकारी अगले दिन होने पर ठेका संचालक ने नगराम थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।शिकायत में बताया गया था कि गल्ले में पिछले तीन दिनों की बिक्री के कुल 1,33,524 रुपये रखे हुए थे, जिन्हें चोर चोरी कर ले गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी अंजनी सिंह के नेतृत्व में दो पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने आसपास लगे 10 से 20 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया। तकनीकी जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर बुधवार को पुलिस ने भैंसनहा पुल के पास घेराबंदी कर आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उन्होंने रात के अंधेरे में लोहे की सरिया से शटर तोड़कर गल्ले में रखी नकदी चुराई थी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 1,11,900 रुपये नकद और वारदात में प्रयुक्त लोहे की सरिया बरामद कर ली। पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी की गई शेष रकम दोनों खर्च कर चुके हैं।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान 45 वर्षीय राघुवेंद्र कश्यप निवासी करोरा, थाना नगराम के रूप में हुई है। उसके साथ उसका 16 वर्षीय नाबालिग पुत्र भी चोरी की वारदात में शामिल था। नाबालिग के विरुद्ध किशोर न्याय अधिनियम के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, जबकि आरोपी पिता को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।नगराम थाना प्रभारी अंजनी सिंह ने बताया कि “करोरा स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके में हुई चोरी की घटना का सफल अनावरण कर लिया गया है। घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चोरी की अधिकांश नकदी और वारदात में प्रयुक्त लोहे की सरिया बरामद की गई है। मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।”
