मोहनलालगंज। लखनऊ,मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के मदाखेड़ा स्थित स्पैरो रिजॉर्ट में पार्टी के दौरान हुई हर्ष फायरिंग के चर्चित मामले में पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले मुख्य आरोपी गौरव शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अब तक इस मामले में कुल तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य नामजद एवं चिन्हित आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।पुलिस के अनुसार, सीतापुर निवासी जितेंद्र सिंह की तहरीर पर बीते सोमवार को मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि बीते रविवार की रात मदाखेड़ा स्थित स्पैरो रिजॉर्ट में गौरव शर्मा ने रिंकू तिवारी उर्फ आशीष तिवारी के माध्यम से एक पार्टी का आयोजन किया था। पार्टी के दौरान कुछ लोगों ने लाइसेंसी एवं अवैध असलहों से खुलेआम हर्ष फायरिंग की, जिससे वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई।प्रकरण में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा 7 सीएलए एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपी गौरव शर्मा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।जांच के दौरान बुधवार को पुलिस ने दो अन्य वांछित आरोपियों 26 वर्षीय अभिषेक सिंह यादव निवासी मसकगंज, थाना वजीरगंज तथा 23वर्षीय प्रभाकर सिंह निवासी पटेल नगर, थाना गोल्फ सिटी को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।एसीपी राजेश सिंह का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। साथ ही हर्ष फायरिंग में इस्तेमाल किए गए असलहों की बरामदगी के लिए भी विशेष अभियान चलाया जा रहा है।इस चर्चित मामले में विवेचना के दौरान लापरवाही सामने आने पर कनकहा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक निमेश दुबे को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई के बाद मामले की जांच और तेज कर दी गई है।एसीपी मोहनलालगंज राजेश सिंह ने बताया कि हर्ष फायरिंग जैसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। अन्य नामजद एवं चिन्हित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। घटना में प्रयुक्त असलहों की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं। दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को कानून के दायरे में लाकर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
