नगराम, लखनऊ। नगराम थाना क्षेत्र के कुशभिटा गांव में गुरुवार देर रात एक हृदयविदारक हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। कच्चे मकान में जमीन पर चटाई बिछाकर सो रहे दंपती को जहरीले सांप ने डस लिया। इलाज के दौरान 31 वर्षीय मजदूर शैलेन्द्र कुमार की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी 25वर्षीय राधिका की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका सिविल अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, कुशभिटा गांव निवासी शैलेन्द्र कुमार अपनी पत्नी राधिका और चार छोटे बच्चों के साथ कच्चे मकान में जमीन पर सो रहे थे। देर रात एक जहरीला काला सांप घर में घुस आया और पहले दंपती को डस लिया। कुछ ही देर में दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी। परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को मोहनलालगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद राधिका की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे तत्काल सिविल अस्पताल लखनऊ रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं शैलेन्द्र का उपचार सीएचसी में किया गया।मृतक के पिता वीरेंद्र कुमार का आरोप है कि चिकित्सकों ने उपचार के बाद शैलेन्द्र को स्वस्थ बताते हुए घर भेज दिया था। लेकिन घर पहुंचने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई। परिजन उसे दोबारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने उपचार में लापरवाही का भी आरोप लगाया है।शैलेन्द्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। अब उसकी पत्नी अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है, जबकि घर पर तीन बेटे—सूरज, बलराम और छह माह का मासूम शिशु—तथा ढाई वर्षीय बेटी लक्ष्मी बेसहारा हो गए हैं। गांव में मातम का माहौल है और हर किसी की जुबान पर यही चर्चा है कि एक पल में हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया।सूचना पर पहुंची नगराम पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।नगराम थाना प्रभारी अंजनी सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सांप के डसने से युवक की मौत का है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
