मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र के रसूलपुर गांव की भूमि को लेकर एक बार फिर विवाद सामने आया है। जगनपुरवा निवासी भगौती प्रसाद ने उपजिलाधिकारी मोहनलालगंज को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनका भाई रूप चन्द्र पिछले 28 वर्षों से लापता है, लेकिन उसकी गुमशुदगी का मामला लंबित होने के बावजूद कुछ लोगों ने कथित रूप से फर्जी व्यक्ति खड़ा कर उसकी हिस्से की जमीन का बैनामा करा लिया।
पीड़ित का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों तथा एक महिला ने मिलकर वर्ष 2019 में कथित रूप से फर्जी तरीके से विक्रय विलेख कराया। इस पूरे मामले को लेकर उन्होंने न्यायालय में वाद भी दायर किया है, जो सिविल जज लखनऊ की अदालत में विचाराधीन है। उनका कहना है कि जिस व्यक्ति के नाम जमीन खरीदे जाने का दावा किया जा रहा है, वह कभी गांव नहीं आया और पूरा मामला गांव के कुछ लोगों द्वारा संचालित किया जा रहा है।भगौती प्रसाद ने यह भी आरोप लगाया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे कुछ पुलिसकर्मी, लेखपाल तथा संबंधित पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे और बिना किसी पूर्व सूचना अथवा नोटिस के उनकी वर्षों से जोती-बोई जा रही गाटा संख्या 221घ की भूमि पर कब्जा कराने का प्रयास किया। विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।पीड़ित ने उपजिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, कथित फर्जी बैनामे की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा जबरन कब्जे के प्रयास को रोकने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपने लापता भाई की गुमशुदगी और उससे जुड़े कथित षड्यंत्र की भी उच्चस्तरीय जांच कराए जाने की मांग उठाई है।
एसडीएम मोहनलालगंज आकाश सिंह ने बताया कि प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमितता, फर्जीवाड़ा अथवा अवैध कब्जे का प्रयास पाया जाता है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, न्यायालय में विचाराधीन प्रकरण के संबंध में भी विधिक प्रक्रिया का पूर्ण पालन कराया जाएगा।
