होटल में बंधक बनाकर किशोरी से तीन दिन तक दुष्कर्म, पांच पर पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा…….
मोहनलालगंज। निगोहां थाना क्षेत्र के एक गांव की 16 वर्षीय किशोरी को होटल में नौकरी दिलाने का झांसा देकर कथित रूप से तीन दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़िता की भाभी की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियो की तलाश शुरू कर दी है।पीड़िता की भाभी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसकी 16 वर्षीय ननद 17 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गई थी। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान जानकारी मिली कि मोहनलालगंज क्षेत्र के गदियाना गांव निवासी राबिया और खुशबू उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गई हैं। जब परिजन वहां पहुंचे तो किशोरी उन्हें देखकर फफक-फफक कर रोने लगी।
पीड़िता ने परिजनों को बताया कि राबिया और खुशबू उसे अपने साथ ले आई थीं। इसके बाद 18 जुलाई को राबिया के पति दुर्गेश ने बाइक से उसे होटल में काम दिलाने का झांसा देकर पीजीआई क्षेत्र स्थित एक होटल पहुंचाया। आरोप है कि वहां उसे एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया, जहां द्वारिका निवासी ढुड़वा, थाना बिजनौर ने उसके साथ लगातार तीन दिनों तक जबरन दुष्कर्म किया।पीड़िता के अनुसार तीन दिन बाद आरोपी दुर्गेश उसे होटल से वापस गदियाना गांव ले आया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। घर पहुंचने पर किशोरी ने पूरी आपबीती अपनी भाभी को बताई, जिसके बाद वह उसे लेकर सीधे मोहनलालगंज कोतवाली पहुंची और पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने पुलिस टीम के साथ कथित घटना स्थल होटल का निरीक्षण किया। जांच के लिए होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए गए।
प्रभारी निरीक्षक रामबाबू सिंह ने बताया कि पीड़िता की भाभी की तहरीर के आधार पर पांच आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट एवं अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है तथा मामले की गहन विवेचना की जा रही है।
