मोहनलालगंज, लखनऊ। भारतीय किसान यूनियन अम्बावता के जिला अध्यक्ष सरदार दिलराज सिंह के नेतृत्व में गुरुवार
को किसानों का प्रतिनिधिमंडल उप जिलाधिकारी मोहनलालगंज आकाश सिंह से मिला। बैठक में क्षेत्र के किसानों की चार प्रमुख समस्याओं को उठाकर उनके त्वरित समाधान की मांग की गई।
भाकियू ने प्रशासन के सामने सबसे पहले यूरिया खाद की समस्या रखी। जिला अध्यक्ष सरदार दिलराज सिंह ने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री की अनिवार्यता और जटिल प्रक्रिया के कारण बड़ी संख्या में किसान समय पर यूरिया नहीं ले पा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि यूरिया वितरण आधार कार्ड और खतौनी के आधार पर किया जाए ताकि पात्र किसानों को तुरंत खाद उपलब्ध हो सके।
दूसरा मुद्दा सह-खातेदारों के अंश निर्धारण का उठा। किसानों का कहना है कि अंश निर्धारण न होने से जमीन संबंधी विवाद बढ़ रहे हैं और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। तीसरा मुद्दा सिंचाई से जुड़ा था। किसानों ने कहा कि नहरों और माइनरों में पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा जा रहा है, जिससे फसलें प्रभावित हो रही हैं। गर्मी और मानसून की अनिश्चितता के बीच सिंचाई के लिए नियमित पानी की जरूरत है।
चौथा और सबसे गंभीर मुद्दा छुट्टा और आवारा पशुओं का था। किसानों ने बताया कि खेतों में घूम रहे गौवंश और अन्य पशु फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। इससे रात-रात भर किसानों को रखवाली करनी पड़ रही है। संगठन ने मांग की कि गौशालाओं को सक्रिय किया जाए और पकड़े गए पशुओं को वहां रखा जाए।
एसडीएम मोहनलालगंज ने किसानों की सभी बातों को ध्यान से सुना। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याएं सरकार की प्राथमिकता हैं। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए जाएंगे और मांगों के अनुसार प्रभावी कार्रवाई कराई जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि खाद, सिंचाई और अंश निर्धारण के मामलों में जल्द ठोस कदम उठाए जाएंगे।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुनील वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव कुमार, वरिष्ठ महामंत्री जितेंद्र बहादुर सिंह, वरिष्ठ प्रवक्ता जन्मेजय सिंह, जिला प्रभारी राजकुमार यादव, युवा जिला अध्यक्ष करन गुप्ता बीरू, जिला महामंत्री वीरेंद्र यादव, जिला सचिव बैजनाथ रावत, मंडल प्रभारी बद्री प्रसाद रावत, नगर अध्यक्ष विनोद धीमान, महिला जिला अध्यक्ष नबीहूंन खान, महिला प्रभारी प्रेमवती, युवा नगर अध्यक्ष वीरपाल लोधी, किसान नेता जितेंद्र साहू सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और किसान उपस्थित रहे।
भाकियू अम्बावता ने प्रशासन से अपील की कि किसानों को समय रहते राहत दी जाए ताकि आगामी फसल प्रभावित न हो।
