निगोहां। निगोहां के मंगटइया गांव में पानी-पूड़ी का ठेला लगाने वाले एक व्यक्ति की नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने करीब चार माह बाद मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित पिता की तहरीर पर झांसी निवासी आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार मूल रूप से मध्य प्रदेश के दतिया निवासी ठाकुर दास प्रजापति वर्तमान में परिवार सहित मंगटइया गांव में रहकर पानी-पूड़ी बेचते हैं। उनकी तहरीर में कहा गया है कि 14 अप्रैल 2026 को उनकी नाबालिग पुत्री को गांव में ही पानी-पूड़ी का कारोबार करने वाला झांसी निवासी बलराम बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
घटना के बाद पीड़ित पिता ने थाने में शिकायत दी थी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी बलराम के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
थाना प्रभारी रवींद्र कुमार ने बताया कि नाबालिग की तलाश की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने परिजनों से भी पूछताछ कर बयान दर्ज किए हैं।
इस घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा है और लोग नाबालिगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता रहे हैं।
