मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में किसान पथ पर हुए सड़क हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार लखनऊ के मॉल थाना क्षेत्र के आदर्श थावर गांव के निवासी प्यारे लाल ने तहरीर देकर बताया कि उनका पुत्र अरुण कुमार अपने सगे भाई सतीश कुमार के साथ बीते 9 जुलाई की रात गोण्डा से मोटरसाइकिल संख्या UP-32-RS-6494 से घर लौट रहा था। देर रात्रि जब दोनों मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के पूरनपुर गांव के पास किसान पथ पुल पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए और मोटरसाइकिल भी क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सतीश कुमार की मौत हो गई, जबकि अरुण कुमार का उपचार जारी है।मोहनलालगंज पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।एसीपी मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन एवं चालक की पहचान कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
