मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में खुद को ‘गूजर गैंग’ का सदस्य बताने वाले युवकों द्वारा एक युवक और उसके दो साथियों के साथ मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक की माँ की तहरीर पर पुलिस ने नामजद आरोपियों समेत अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नगराम थाना क्षेत्र के देवती का मजरा साधुखेड़ा निवासी रीता पत्नी संतोष कुमार ने मोहनलालगंज कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र विकास गुरुवार शाम मजदूरी कर मोहनलालगंज कस्बे से घर लौट रहा था। रास्ते में वह हुलासखेड़ा स्थित पचौरी गांव में एक मोबाइल की दुकान पर मोबाइल बनवाने के लिए खड़ा था।आरोप है कि तभी पचौरी गांव निवासी राज, कुलदीप तथा अन्य अज्ञात युवक वहां पहुंचे। पीड़िता के अनुसार आरोपियों ने खुद को ‘गूजर गैंग’ का सक्रिय सदस्य बताते हुए बिना किसी बात के विकास के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर उसका सिर दीवार में भिड़ाकर लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट की। विकास के जमीन पर गिरने के बाद भी उसकी पिटाई की गई और जान से मारने की धमकी देते हुए आरोपी मौके से फरार हो गए।पीड़ित की मां ने बताया कि घटना में विकास के सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। उसके साथ मौजूद शिवम पुत्र सुंदर और नीर कमल पुत्र दुर्गेश कुमार निवासी देवती के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।पीड़ित युवक की मां की तहरीर के आधार पर मोहनलालगंज पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।एसीपी मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
