मोहनलालगंज, लखनऊ। सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं और कानून-व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल ने मोहनलालगंज सहायक पुलिस आयुक्त राजेश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपकर थाना मोहनलालगंज, नगराम और निगोहां क्षेत्र में संचालित मीट, मांस एवं मछली की दुकानों को पूरे सावन माह के लिए बंद कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया कि सनातन धर्म में सावन का महीना अत्यंत पवित्र और श्रद्धा का प्रतीक माना जाता है। इस दौरान भगवान शिव की आराधना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु विभिन्न शिवालयों और मंदिरों में जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। विशेष रूप से भवरेश्वर धाम से लोधेश्वर धाम तक जाने वाले मार्गों पर कांवड़ यात्रियों और शिवभक्तों का निरंतर आवागमन बना रहता है।विहिप और बजरंग दल का कहना है कि सावन माह में मुख्य मार्गों तथा धार्मिक स्थलों के आसपास खुलेआम मीट, मांस और मछली की बिक्री होने से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। इससे सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की भी आशंका बनी रहती है।ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने प्रशासन से मांग की कि सावन माह की पवित्रता और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए थाना मोहनलालगंज, नगराम और निगोहां क्षेत्र में संचालित सभी मीट, मांस एवं मछली की दुकानों को पूरे सावन माह के दौरान बंद कराया जाए। साथ ही मुख्य मार्गों और धार्मिक स्थलों के आसपास अवैध रूप से संचालित दुकानों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।एसीपी राजेश कुमार सिंह ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद कहा कि श्रद्धालुओं की आस्था और जनभावनाओं का पूरा सम्मान किया जाएगा। पुलिस प्रशासन कानून के दायरे में रहकर आवश्यक कार्रवाई करेगा। सावन माह के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अवैध रूप से संचालित दुकानों एवं कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही सभी वर्गों से आपसी सौहार्द और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।ज्ञापन सौंपने के दौरान विश्व हिन्दू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, धार्मिक आस्था और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
