- भंवरेश्वर मंदिर का भी किया निरीक्षण—–
निगोहा।
सावन मास और आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक ने थाना निगोहा क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार और सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह भी मौजूद रहे।
डीसीपी ने पुलिस बल के साथ क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, भीड़-भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का भ्रमण किया। श्रावण मास के दृष्टिगत क्षेत्र में पड़ने वाले शिवालयों और कांवड़ यात्रा रूट का निरीक्षण कर अधीनस्थों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने व्यापारियों और आमजन से संवाद कर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया और सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
डीसीपी ने पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने, संदिग्ध व्यक्तियों व वस्तुओं पर निगरानी रखने और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही यातायात सुचारू रखने, बाजारों में अनावश्यक भीड़ न लगने देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इसके बाद डीसीपी ने प्रसिद्ध भंवरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर भी सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। मंदिर परिसर और मंदिर से निकलने वाले कांवड़ मार्ग का जायजा लेते हुए उन्होंने निगोहा पुलिस टीम को श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
उन्होंने कहा कि सावन में बड़ी संख्या में शिवभक्त जलाभिषेक के लिए आते हैं। ऐसे में मंदिर मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान स्थानीय पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।
