निगोहा।
निगोहा पुलिस ने पत्नी से घरेलू विवाद के बाद घर छोड़कर निकले एक गुमशुदा युवक को 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिवारीजनों को सौंप दिया।
एसओ निगोहा रवींद्र कुमार ने बताया कि बीते शुक्रवार को दोपहर लगभग 2 बजे दयाशंकर मौर्या निवासी ग्राम नयाखेड़ा मजरा अइया, थाना निगोहां ने थाने पर तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उसका पुत्र बृजेश कुमार मौर्या उम्र लगभग 29 वर्ष, जो भटपुरा स्थित बालाजी पॉलीक्लीनिक का संचालक है, गुरुवार को दोपहर 3:30 बजे अपनी ब्रेजा कार UP-32-MC-8493 से क्लीनिक से बिना बताए कहीं चला गया और उसका मोबाइल भी बंद आ रहा है।
मामले को लेकर गुमशुदगी दर्ज कर थाना प्रभारी रवीन्द्र कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
टेक्निकल व मैनुअल सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने
शनिवार को गुमशुदा बृजेश कुमार मौर्या को उसकी कार सहित भटपुरा चौराहे के पास से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि पत्नी से घरेलू बातों को लेकर विवाद हो गया था, जिसके बाद वह बिना किसी को बताए कार से लखनऊ के आस-पास धार्मिक स्थलों पर घूमता रहा और मेहंदीपुर बालाजी दर्शन जाने की योजना बना रहा था।
आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवक को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
