मोहनलालगंज, लखनऊ। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ उपशाखा मोहनलालगंज के पदाधिकारियों ने शनिवार को आयोजित तहसील समाधान दिवस के दौरान उपजिलाधिकारी आकाश सिंह को मुख्यमंत्री एवं राजस्व परिषद के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों के शीघ्र निस्तारण की मांग की।ज्ञापन में संघ ने कहा कि लेखपालों पर राजस्व प्रशासन, नामांतरण, वरासत, पैमाइश, ई-गवर्नेंस, आपदा प्रबंधन सहित अनेक महत्वपूर्ण सरकारी कार्यों का दायित्व है, लेकिन उनकी वर्षों पुरानी मांगें अब भी लंबित हैं। इससे प्रदेश भर के लेखपालों में असंतोष व्याप्त है।संघ ने अंतर्मंडलीय स्थानांतरण के लिए ऑनलाइन पोर्टल पुनः खोलने, चयन वर्ष 2025-26 की पदोन्नति सूची जारी करने, चयन वर्ष 2024 की विभागीय परीक्षा का परिणाम एवं प्रशिक्षण प्रमाणपत्र घोषित करने, स्टेशनरी, वाहन एवं विशेष भत्तों में वृद्धि तथा भूलेख एवं अन्य कार्यालयी पटलों से संबद्ध लेखपालों को मूल कार्य पर वापस भेजने की मांग उठाई। इसके साथ ही ग्राम सचिवालयों में पर्याप्त आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए बिना लगाए जा रहे रोस्टर का भी विरोध किया।लेखपाल संघ ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो पांच अगस्त से प्रदेश के सभी लेखपाल अतिरिक्त हल्कों का कार्य बंद कर उनका प्रभार संबंधित कार्यालयों में जमा कर देंगे। इसके बाद आवश्यकता पड़ने पर ऑनलाइन कार्यों का भी बहिष्कार किया जाएगा।संघ ने कहा कि आंदोलन का उद्देश्य जनहित को प्रभावित करना नहीं, बल्कि वर्षों से लंबित न्यायोचित मांगों के समाधान के लिए शासन का ध्यान आकर्षित करना है। ज्ञापन सौंपने के दौरान तहसील अध्यक्ष अमरीश कुमार, तहसील मंत्री विकास दीक्षित सहित लेखपाल संघ के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में लेखपाल उपस्थित रहे।
