निगोहा।लखनऊ, श्रावण मास और आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक ने थाना निगोहा क्षेत्र में व्यापक पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों, संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।डीसीपी के साथ अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार, सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह, थाना प्रभारी रवींद्र कुमार तथा पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग, प्रमुख शिवालयों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।पैदल गश्त के दौरान डीसीपी ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना पुलिस को देने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों से सतर्क रहने की सलाह दी। साथ ही पुलिसकर्मियों को संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने और कानून-व्यवस्था हर हाल में कायम रखने के निर्देश दिए।इसके बाद डीसीपी दक्षिणी मो. मुश्ताक ने तीन जनपदों लखनऊ, रायबरेली और उन्नाव की सीमाओं से जुड़े प्राचीन एवं ऐतिहासिक भंवरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया। सावन माह में बड़ी संख्या में दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और कांवड़ियों को देखते हुए उन्होंने मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश एवं निकास मार्ग, कांवड़ यात्रा रूट, पार्किंग स्थल तथा भीड़ नियंत्रण व्यवस्था का जायजा लिया।डीसीपी ने निगोहा पुलिस को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। मंदिर परिसर और यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करे। उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों एवं वस्तुओं पर कड़ी नजर रखने, आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम दर्शन की व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।डीसीपी मो. मुश्ताक ने कहा कि श्रावण मास में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भंवरेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं और निगोहा पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है।
