मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के जबरौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर एक परिवार पर घर में घुसकर मारपीट कर हमला कर दिया पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी क अनुसार मोहनलालगंज के जबरौली निवासी ताज मोहम्मद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनका पुत्र इरफान गांव में धान की रोपाई का कार्य कर रहा था, जबकि दूसरा पुत्र दुकान पर मौजूद था। आरोप है कि इसी दौरान विपक्षी पक्ष के कलूटे, उनके पुत्र वहीद व हाशिम, हाशिम का पुत्र आसिफ, हाशिम की पत्नी तथा पुत्रियां जीवन और निखत एक राय होकर बीते दो अगस्त की सुबह करीब छह बजे उनके घर पहुंच गए और परिवार के सदस्यों पर हमला कर मारपीट शुरू कर दिया।पीड़ित का आरोप है कि मारपीट में उनके पुत्रों और पत्नी को गंभीर चोटें आईं। घटना के समय वह ड्यूटी पर थे और वापस लौटने पर उन्हें पूरे मामले की जानकारी हुई। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि आरोपी इससे पहले बीते 13 अप्रैल को भी उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट कर चुके हैं।पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है तथा पुलिस घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।मोहनलालगंज इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
