एक्सप्रेस-वे और विकास कार्यों को बताया सरकार की उपलब्धि……
मंच से कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए हाजी शकील सैफी ने केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की उपलब्धियां गिनाईं। उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों में देश और प्रदेश में विकास की दिशा में बड़े बदलाव हुए हैं। उन्होंने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे के निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि सड़क परिवहन के क्षेत्र में बड़े स्तर पर काम हुआ है।उन्होंने कहा कि नितिन गडकरी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेस-वे का नेटवर्क मजबूत हुआ है, जिससे किसानों और व्यापारियों को अपनी उपज तथा सामान को बाजार तक पहुंचाने में सुविधा मिल रही है। उनके मुताबिक बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीण क्षेत्रों को भी विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिली है।सैफी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति पर काम किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है और निवेश का माहौल तैयार हुआ है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाना संगठन के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर योजनाओं का लाभ पाने वाले लोगों से संवाद किया जाए और उन्हें सरकार की नीतियों की जानकारी दी जाए।
घर-घर पहुंचने का दिया आह्वान……..
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को दिशा देते हुए हाजी शकील सैफी ने कहा कि चुनाव में अब अधिक समय नहीं बचा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अभी से गांव-गांव और घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान शुरू करने की अपील की।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों को दें तथा विपक्ष की ओर से किए जा रहे दावों का तथ्यों के आधार पर जवाब दें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया, ताकि 2027 में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिल सके।
गांव-गांव योजनाएं पहुंचाने का लिया संकल्प……..
सम्मेलन के दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने तथा अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में संगठनात्मक गतिविधियों को तेज करने और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जमीनी स्तर पर संपर्क बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।मोहनलालगंज में आयोजित इस सम्मेलन को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा समर्थक संगठनों की सक्रियता बढ़ने के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। सम्मेलन में उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं के उत्साह के बीच मंच से दिए गए राजनीतिक संदेश ने क्षेत्र में आगामी चुनाव की सरगर्मी को और बढ़ा दिया है।
