गीली मिट्टी के चलते हुआ हादसा, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित घर पहुंचाया…….
नगराम। लखनऊ। नगराम के कमालपुर बिचलिका-कुबहरा मार्ग से करीब 500 मीटर अंदर कच्चे रास्ते पर सोमवार को गीली मिट्टी के कारण एक स्कूल वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के समय वैन में दो मासूम बच्चे सवार थे। गनीमत रही कि वैन पलटने के बावजूद दोनों बच्चे पूरी तरह सुरक्षित रहे और उन्हें किसी प्रकार की चोट नहीं आई। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने बच्चों को सुरक्षित उनके घर पहुंचाया और पलटी वैन को रास्ते से हटवाने की कार्रवाई कराई।जानकारी के अनुसार, कमालपुर बिचलिका निवासी जसकरन अपनी निजी वैन संख्या UP32FA2471 से रोजाना की तरह श्री एमएल बाल विद्या मंदिर, कमालपुर बिचलिका में पढ़ने वाले बच्चों को उनके घर छोड़ने जा रहे थे। सोमवार को वह तमोरिया निवासी अजीत सिंह के दो बच्चों ईशी सिंह (5) और रुद्र प्रताप सिंह (10) को स्कूल से लेकर उनके घर जा रहे थे।बताया गया कि कमालपुर बिचलिका-कुबहरा मार्ग से करीब 500 मीटर अंदर पहुंचने के बाद रास्ता कच्चा होने के साथ ही बारिश के कारण गीला था। इसी दौरान वैन का पहिया गीली मिट्टी में फिसल गया। चालक जब तक वाहन को संभाल पाता, वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। अचानक हुए हादसे से बच्चों में अफरा-तफरी मच गई।हादसे की जानकारी मिलने पर उपनिरीक्षक चंद्रशेखर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने बच्चों को वैन से सुरक्षित बाहर निकलवाया। दोनों बच्चों को किसी प्रकार की चोट नहीं लगी थी। बाद में पुलिस की मौजूदगी में दोनों बच्चों को सकुशल उनके घर पहुंचा दिया गया।वहीं, पुलिस की मौजूदगी में पलटी स्कूल वैन को भी रास्ते से हटवाने की कार्रवाई की गई। हादसे के बाद ग्रामीणों ने कच्चे मार्ग की स्थिति को लेकर चिंता जताई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के दिनों में कच्चे रास्ते पर गीली मिट्टी के कारण आवागमन मुश्किल हो जाता है और छोटे-बड़े वाहनों के फिसलने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मार्ग को दुरुस्त कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
