महिलाओं से छेड़खानी, जेवर-नकदी छीनने का आरोप….
नाराज कार्यकर्ताओं ने निगोहां थाने में दिया धरना…..
निगोहां,भारतीय किसान यूनियन भानु गुट की मासिक बैठक में शामिल होने जा रहे कार्यकर्ताओं के साथ मेहंदौली के पास मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान महिलाओं के साथ अभद्रता और छेड़खानी की गई। महिलाओं के जेवर और नकदी छीनने का भी आरोप लगाया गया है। घटना से नाराज किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को निगोहां थाने पहुंचकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।किसान नेता पिंटू के मुताबिक, शुक्रवार सुबह वह करीब एक दर्जन महिलाओं और पांच पुरुष कार्यकर्ताओं के साथ डाला वाहन से मोहनलालगंज ब्लॉक में आयोजित यूनियन की मासिक बैठक में जा रहे थे। मेहंदौली के पास सड़क किनारे एक डीसीएम खड़ा था। आरोप है कि डाला पहुंचने पर चालक ने वाहन को सड़क पर खड़ा कर रास्ता बाधित कर दिया। रास्ता देने को कहने पर डीसीएम चालक देशराज ने विवाद शुरू कर दिया और मारपीट करने लगा।
आरोप है कि इसी दौरान शुभम और अंबर नाम के दो युवक भी मौके पर पहुंच गए और महिलाओं के साथ अभद्रता, छेड़खानी व मारपीट करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि चालक ने फोन कर अपने गांव से 15 से 20 लोगों को बुला लिया। कुछ ही देर में लाठी-डंडे और सरिया लेकर पहुंचे लोगों ने किसान यूनियन कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट शुरू कर दी।मारपीट में मंजू, रोशनी और सावित्री घायल हो गईं। तीनों को उपचार के लिए सीएचसी मोहनलालगंज भेजा गया। तहरीर में महिलाओं के गले से मंगलसूत्र, कान की एक झुमकी और दो महिलाओं से नकदी छीनने का भी आरोप लगाया गया है।घटना के बाद किसान यूनियन के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में निगोहां थाने पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
