गश्त के दौरान संदिग्ध कार देखकर पुलिस ने की जांच, दो युवक भागे एक पकड़ा गया, दूसरे की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश……
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कस्बे में मौरांवा रोड स्थित इंडिया वन एटीएम को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे बदमाशों की साजिश पुलिस की सतर्कता से नाकाम हो गई। इंस्पेक्टर मोहनलालगंज राम बाबू सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान कस्बे में स्थित एटीएम के पास एक संदिग्ध कार दिखाई दी। संदेह होने पर कस्बा चौकी इंचार्ज अतुल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार की जांच-पड़ताल शुरू की।पुलिस के मौके पर पहुंचते ही वहां मौजूद दो संदिग्ध युवक भागने का प्रयास करने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर एक युवक को मौके पर ही दबोच लिया, जबकि दूसरा युवक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा।पकड़े गए युवक को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस उससे उसके फरार साथी और एटीएम में हुई तोड़फोड़ के संबंध में जानकारी जुटा रही है। वहीं फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।
जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने एटीएम मशीन के स्क्रीन, कीपैड, कार्ड रीडर और अन्य पुर्जों को क्षतिग्रस्त करने के साथ कैमरा भी चोरी कर लिया था। घटना के संबंध में इंडिया वन एटीएम के फ्रेंचाइजी पार्टनर राहुल गुप्ता की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस की गश्त के दौरान संदिग्ध कार पर नजर पड़ने और तत्काल कार्रवाई किए जाने से एटीएम लूट की कोशिश को समय रहते नाकाम कर दिया गया। पुलिस अब पकड़े गए युवक से पूछताछ के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और फरार आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
