नाले पर कब्जे से बिगड़े हालात, सरकारी आवास भी पानी की जद में जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग…….
निगोहां, लखनऊ।बारिश के बाद निगोहां कस्बे में जलभराव से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। थाने के पास कई घर पानी से घिर गए और कुछ घरों में पानी घुसने से लोगों को अपना सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। घुटनों तक पानी भरने से छोटे बच्चों और ग्रामीणों को आवागमन में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।वही पास में बने हनुमान मंदिर तक भी पानी पहुंच गया जिसके चलते मंदिर तक भी जाना मुश्किल हो गया है।
चंदन, रूपचंद, प्रेमचंद, प्रकाश, चंद्रपाल, बीरपाल और शुभम समेत कई परिवार पिछले कई वर्षों से झोपड़ी और कच्चे मकान बनाकर रह रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक पिछले वर्ष करीब पांच परिवारों को सरकारी आवास मिले थे, लेकिन बारिश के बाद इन पक्के आवासों में भी पानी भर गया। इससे परिवारों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
बारिश का पानी घरों में घुसने से गृहस्थी का सामान भी प्रभावित हुआ। कई परिवारों के चूल्हे तक नहीं जल सके, जिससे खाने-पीने की समस्या खड़ी हो गई। वहीं सरकारी राशन की दुकान में भी पानी भर जाने से बड़ी मात्रा में राशन भीगकर खराब होने की बात ग्रामीणों ने कही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरकारी नाले को कुछ लोगों ने पाट रखा है। इससे पानी की निकासी बाधित होने के कारण तेज बारिश में पानी आसपास के घरों में भर जाता है। लोगों का कहना है कि कई वर्षों से जल निकासी की समस्या बनी हुई है, लेकिन इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने प्रशासन से सरकारी नाले को अतिक्रमणमुक्त कराने के साथ ही जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की है।निगोहां ग्राम प्रधान अभयकांत दीक्षित ने बताया कि बारिश के कारण जलभराव हुआ है। जल निकासी की व्यवस्था कराई जा रही है, ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
