मोहनलालगंज, लखनऊ। नई जेल रोड स्थित मोहारीकला गांव में शनिवार को श्री सुंदरकांड पाठ एवं धार्मिक आयोजन का कार्यक्रम श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा उत्तर प्रदेश के पूर्व प्रदेश मंत्री एवं यूपीसीएलडीएफ के पूर्व चेयरमैन बीरेंद्र कुमार तिवारी मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया।इस दौरान बीरेंद्र तिवारी ने सत्यम शर्मा द्वारा मोहारीकला में शुरू किए गए नवीन प्रतिष्ठान ‘शर्मा टेंट, लाइट एंड कैटर्स हाउस’ का फीता काटकर शुभारंभ किया। उन्होंने प्रतिष्ठान संचालक को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं देते हुए व्यवसाय की सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम में मौजूद ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों को संबोधित करते हुए बीरेंद्र तिवारी ने केंद्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा जनहित में संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों के लिए लगातार विकास एवं जनकल्याण के कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कर पार्टी की सरकार को पुनः सत्ता में लाने की अपील भी की।सुंदरकांड पाठ के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से पाठ में सहभागिता की। धार्मिक आयोजन के चलते पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना रहा। कार्यक्रम के अंत में मौजूद लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।इस अवसर पर गोसाईंगंज भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवकुमार रावत, मोहनलालगंज ब्लॉक प्रमुख ओमप्रकाश शुक्ला, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नागेश्वर द्विवेदी, भाजपा के पूर्व जिला मंत्री शम्भूनाथ पाण्डेय ‘गुड्डू’, समाजसेवी लक्ष्मीप्रसाद रावत सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक, ग्राम प्रधान एवं स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
