मोहल्ले में आए दिन गाली-गलौज करने का आरोप, कथित दबंगई से भयभीत हैं लोग…..
मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र की कालेश्वर पुरम कॉलोनी में एक युवक ने शिक्षामित्र पर नशे की हालत में उसके साथ मारपीट करने, गाली-गलौज करने और उसकी बाइक तोड़ने का आरोप लगाया है। पीड़ित का कहना है कि घटना का वीडियो भी उसके पास मौजूद है। मामले में पुलिस को तहरीर दिए जाने के बावजूद अभी तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से पीड़ित सहित मोहल्ले के लोगों में नाराजगी है।रायबरेली जनपद के सलोन थाना क्षेत्र के दुबहन गांव निवासी रत्नेश पाण्डेय पुत्र नानक चन्द पाण्डेय वर्तमान में मोहनलालगंज की कालेश्वर पुरम कॉलोनी में किराये के मकान में रहते हैं। पीड़ित के मुताबिक बीते गुरुवार रात करीब 11:45 बजे वह अपने मित्र निखिल यादव के साथ अपने किराये के मकान पर पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद अल्केश यादव पुत्र स्व. अखिलेश कुमार यादव ने नशे की हालत में उसके और उसके मित्र के साथ मारपीट शुरू कर दी।पीड़ित का आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी कार से उसकी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके साथ ही मकान में लगे कई पाइप भी तोड़ दिए और काफी देर तक हंगामा किया। पीड़ित के अनुसार आरोपी पूर्व में भी रंजिश के चलते उसके साथ आए दिन गाली-गलौज करता रहा है। घटना के संबंध में पीड़ित ने वीडियो भी बनाए जाने की बात कही है।मोहल्ले के लोगों का आरोप है कि अल्केश यादव शिक्षा मित्र के पद पर कार्यरत है और अक्सर नशे की हालत में मोहल्ले में लोगों से गाली-गलौज करता है। लोगों का कहना है कि उसके कथित व्यवहार के चलते मोहल्ले में आए दिन विवाद की स्थिति बनी रहती है। आरोप है कि परेशान लोगों ने पूर्व में भी कई बार पुलिस से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।स्थानीय लोगों के मुताबिक कथित दबंग रवैये के कारण मोहल्ले के लोग भयभीत रहते हैं और उसके खिलाफ खुलकर शिकायत करने से भी कतराते हैं। लोगों ने पुलिस अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।घटना के बाद रत्नेश पाण्डेय ने कोतवाली मोहनलालगंज में प्रार्थना-पत्र देकर मारपीट, गाली-गलौज, बाइक तोड़ने और मकान में लगे पाइप क्षतिग्रस्त करने के मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि घटना को कई दिन बीत जाने के बावजूद अभी तक पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।पीड़ित ने पुलिस से मामले की जांच कराकर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उसे न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं मोहल्ले के लोगों ने भी कथित तौर पर लगातार हो रही गाली-गलौज और विवाद की घटनाओं की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।
