निगोहां, लखनऊ। आगामी त्यौहार बारहवफात को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी रविंद्र कुमार कन्नौजिया ने की। बैठक में क्षेत्र के धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं संबंधित लोगों ने हिस्सा लिया।
थाना प्रभारी रविंद्र कुमार कन्नौजिया ने सभी से आगामी बारहवफात का त्यौहार आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जुलूस एवं अन्य कार्यक्रम निर्धारित मार्ग और निर्धारित समय के अनुसार ही निकाले जाएंगे। किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू नहीं की जाएगी।उन्होंने कहा कि जुलूस के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सभी लोग पुलिस प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी प्रकार के भड़काऊ भाषण, आपत्तिजनक नारेबाजी अथवा विवादित सामग्री का प्रयोग न किया जाए।थाना प्रभारी ने सोशल मीडिया को लेकर भी लोगों को जागरूक करते हुए कहा कि कोई भी व्यक्ति भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट, वीडियो या संदेश प्रसारित न करे। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध सामग्री मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।बैठक में धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों से क्षेत्र में शांति एवं सद्भाव बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। साथ ही किसी भी प्रकार की समस्या अथवा विवाद की स्थिति में तत्काल थाना पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए।थाना प्रभारी रविंद्र कुमार कन्नौजिया ने कहा कि पुलिस प्रशासन त्यौहार को लेकर पूरी तरह सतर्क है। सभी के सहयोग से बारहवफात का पर्व शांतिपूर्ण, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ संपन्न कराया जाएगा।
