मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज पुलिस ने एटीएम को क्षतिग्रस्त कर उसके पुर्जे चोरी करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एटीएम के कई पुर्जे व उपकरणों के साथ तीन कूटरचित नंबर प्लेट भी बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रायबरेली के लालगंज निवासी अभिषेक जायसवाल के रूप में हुई है। उसका साथी विशाल सिंह उर्फ पाण्डेय अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।पुलिस के मुताबिक, बीते शुक्रवार की रात कार सवार कुछ लोगों ने मोहनलालगंज क्षेत्र में स्थित इंडिया वन एटीएम के ऊपरी हिस्से की स्क्रीन, की-पैड, कार्ड रीडर, मशीन का लोगो हेड और अन्य पुर्जे तोड़ दिए थे। इसके साथ ही एटीएम में लगा कैमरा भी चोरी कर लिया गया था। मामले में एटीएम के फ्रेंचाइजी पार्टनर राहुल गुप्ता की तहरीर पर मोहनलालगंज थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था।घटना के खुलासे के लिए पुलिस उपायुक्त दक्षिणी मो. मुश्ताक के निर्देश पर तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया। तकनीकी एवं मैनुअल साक्ष्यों के साथ स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने आरोपी अभिषेक जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे कार खरीदने के लिए पैसों की जरूरत थी। इसी लालच में उसने अपने साथी विशाल के साथ सुनसान स्थानों पर लगे एटीएम की रेकी शुरू की थी। दोनों ऐसे एटीएम चिन्हित करते थे, जहां रात में लोगों की आवाजाही कम हो। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए पहले से ही फर्जी नंबर प्लेट तैयार कर रखी थी।आरोपी ने पूछताछ में बताया कि शुक्रवार की रात दोनों लखनऊ आए थे और सुनसान स्थान पर एटीएम देखकर उसके पुर्जे तोड़ने लगे। इसी दौरान लोगों के आने की आहट सुनकर दोनों घबरा गए और पकड़े जाने के डर से एटीएम के टूटे हुए पुर्जे अपनी बलेनो कार में रखकर मौके से फरार हो गए।पुलिस ने आरोपी के पास से एक एटीएम की-पैड, लोहे का पावर ऑन-ऑफ कवर, ट्रे लॉक, बड़ा पेचकस, इंडिया वन लिखा एटीएम लोगो, दो कैश ट्रैपिंग उपकरण और तीन कूटरचित नंबर प्लेट बरामद की हैं।गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ रायबरेली के लालगंज थाने में पहले से भी एक मुकदमा दर्ज है। मोहनलालगंज पुलिस ने आरोपी को संबंधित धाराओं में कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है। वहीं फरार आरोपी विशाल सिंह उर्फ पाण्डेय की तलाश जारी है।
