वन विभाग की एनओसी मिलते ही तीनों सड़कों के निर्माण का दावा, किसानों ने कहा—निर्माण शुरू होने तक जारी रहेगा अनिश्चितकालीन धरना……
नगराम, लखनऊ। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के तत्वावधान में क्षेत्र की जर्जर एवं कच्ची सड़कों के निर्माण की मांग को लेकर कुबहरा सामुदायिक मिलन केंद्र पर चल रहा किसानों का धरना शनिवार को चौथे दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे सैकड़ों किसान, मजदूर और महिलाएं मौजूद रहीं। किसानों ने स्पष्ट किया कि जब तक प्रस्तावित सड़कों का निर्माण कार्य शुरू नहीं होता, तब तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।शनिवार को पीडब्ल्यूडी विभाग के सर्वेयर सर्वेश मिश्रा दोबारा धरना स्थल पहुंचे और कमलापुर-विचिलखा माइनर से कुबहरा तक जाने वाले कच्चे मार्ग की लंबाई की माप की। इसके बाद उन्होंने धरना स्थल पर पहुंचकर किसानों को बताया कि विभागीय अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र की तीनों प्रस्तावित सड़कों की माप की जा रही है। उन्होंने बताया कि माप संबंधी रिपोर्ट अधिकारियों को शनिवार शाम तक उपलब्ध कराई जानी है।सर्वेयर ने किसानों को जानकारी दी कि इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों को अनापत्ति प्रमाण-पत्र के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी। वन विभाग से एनओसी प्राप्त होते ही तीनों सड़कों पर निर्माण कार्य शुरू कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। विभागीय स्तर पर सड़क निर्माण को लेकर की जा रही कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद भी किसानों ने अपना धरना समाप्त करने से इनकार कर दिया।धरने पर मौजूद किसानों का कहना था कि सड़क निर्माण को लेकर लंबे समय से मांग की जा रही है। ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों ने कहा कि जब तक मौके पर सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं हो जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के मंडल महामंत्री लखनऊ हरिपाल सिंह ने कहा कि किसानों की मांग पूरी होने तक संगठन पीछे हटने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों द्वारा सड़क की माप कर रिपोर्ट तैयार किए जाने की कार्रवाई सकारात्मक है, लेकिन किसानों को अब सड़क निर्माण कार्य शुरू होने का इंतजार है।धरने में ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कुमार, राजेश कुमार, रामपाल राजपूत, राम कुमार प्रधान पति, केशव राम लोधी, पृथ्वीराज, ब्रजपाल यादव, राम-लखन, पूर्व प्रधान राजू सहित सैकड़ों किसान, मजदूर एवं महिलाएं मौजूद रहीं। किसानों ने एक स्वर में कहा कि सड़क निर्माण शुरू होने तक उनका अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।
