नगराम, लखनऊ। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के बैनर तले सामुदायिक मिलन केंद्र कुबहरा में चल रहा किसानों का धरना रविवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। धरना स्थल पर क्षेत्र के सैकड़ों किसान और मजदूर पहुंचे और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।धरना स्थल पर पहुंचे संगठन के प्रदेश महासचिव दिनेश यादव ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि वन विभाग की शर्त के अनुसार अनापत्ति प्रमाण-पत्र के लिए करीब एक सप्ताह इंतजार करना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस बार संगठन की जिला कमेटी की मासिक बैठक धरना स्थल कुबहरा में ही आयोजित की जाएगी। बैठक में किसानों की समस्याओं को लेकर ठोस निर्णय लिया जाएगा।
वहीं, संगठन के मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह ने कहा कि यदि 25 अगस्त को वन विभाग द्वारा धरना स्थल पर पहुंचकर अनापत्ति प्रमाण-पत्र नहीं दिया गया तो जिला कमेटी की मासिक बैठक में आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके बाद वन विभाग को ज्ञापन सौंपकर वन अधिकारी मोहनलालगंज कार्यालय का घेराव किया जाएगा।हरिपाल सिंह ने कहा कि किसानों की मांगों को लेकर संगठन लगातार संघर्ष कर रहा है और यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने संभावित घेराव के दौरान होने वाली किसी भी अप्रिय स्थिति की जिम्मेदारी वन विभाग के अधिकारियों और पुलिस प्रशासन पर होने की बात कही।धरने में प्रदेश महासचिव दिनेश यादव, मंडल महामंत्री हरिपाल सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश कुमार, जिला उपाध्यक्ष रमेश कुमार, राम कुमार, सुरेश कुमार सिंह, योगेश कुमार, केशवराम, प्रधान पति रामकुमार समेत सैकड़ों किसान और मजदूर मौजूद रहे।
