मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। न्यू जेल रोड खुजौली स्थित स्कॉलर एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के कार्यालय में अज्ञात व्यक्ति ने अनाधिकृत रूप से प्रवेश कर कीमती सामान चोरी कर लिया। चोर कार्यालय में रखा लेनोवो कंपनी का लैपटॉप और मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया। घटना के बाद स्कूल प्रबंधन में हड़कंप मच गया।
पुलिस के मुताबिक आशियाना कॉलोनी निवासी इन्द्रेश मिश्र पुत्र स्वर्गीय हरिशंकर मिश्र ने मोहनलालगंज पुलिस को लिखित शिकायत दी। शिकायत में बताया गया कि बीते बुधवार की शाम करीब चार बजे अज्ञात व्यक्ति स्कूल के कार्यालय में अनाधिकृत रूप से दाखिल हुआ और वहां रखा एक मोबाइल फोन तथा लेनोवो कंपनी का लैपटॉप चोरी कर लिया।घटना की जानकारी होने पर स्कूल प्रबंधन ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोरी हुए सामान का कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद पीड़ित की ओर से मोहनलालगंज पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई।पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहरीर के आधार पर बीएनएस की धाराओं में
में अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है। स्कूल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ ही घटना के समय स्कूल में आने-जाने वाले लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर चोरी की घटना में शामिल आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्कूल कार्यालय से दिनदहाड़े कीमती सामान चोरी होने की घटना को लेकर आसपास के लोगों में भी चर्चा बनी हुई है।
