मोहनलालगंज। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के बैरीसालपुर गांव में शनिवार देर रात चोरों ने घर के बाहर खड़ा ऑटो रिक्शा और मोबाइल फोन चोरी कर लिया। सुबह सोकर उठने पर ऑटो और मोबाइल गायब मिलने से पीड़ित के होश उड़ गए। काफी तलाश के बाद भी जब दोनों का कोई सुराग नहीं लगा तो पीड़ित ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि शिकायत लेकर थाने और चौकी के चक्कर लगाने के बाद भी तत्काल कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद पीड़ित ने अपना वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।पीड़ित के मुताबिक शनिवार रात करीब एक बजे से सुबह चार बजे के बीच अज्ञात चोर घर के बाहर खड़ा ऑटो रिक्शा चोरी कर ले गए। इसी दौरान चोर उसका मोबाइल फोन भी ले गए। सुबह करीब चार बजे जब वह सोकर उठा तो घर के बाहर ऑटो और मोबाइल दोनों गायब मिले। आसपास काफी तलाश करने के साथ ही गांव में भी जानकारी की गई, लेकिन चोरी गए ऑटो और मोबाइल का कोई पता नहीं चल सका।मोबाइल फोन चोरी हो जाने के कारण पीड़ित के सामने परिजनों और पुलिस से संपर्क करने की भी समस्या खड़ी हो गई। इसके बाद उसने पड़ोसी के घर जाकर आवाज लगाई और उनके मोबाइल फोन से अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद वह शिकायत लेकर निगोहां थाने पहुंचा, जहां उसने पुलिसकर्मियों को पूरी घटना बताई।पीड़ित के अनुसार, निगोहां पुलिस ने मामला मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र का बताते हुए उसे कनकहा चौकी भेज दिया। आरोप है कि कनकहा चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने पीड़ित से प्रार्थना पत्र ले लिया, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। इससे नाराज पीड़ित ने पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर अपना वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हलचल मची और पुलिस ने आनन-फानन में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाकर चोरी गए ऑटो और मोबाइल फोन की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं।
घटना के बाद गांव के लोगों में भी नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय पुलिस की गश्त और निगरानी और अधिक प्रभावी होनी चाहिए, ताकि चोरों पर अंकुश लगाया जा सके। ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा कर ऑटो बरामद करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
