मोहनलालगंज। आगामी रक्षाबंधन, बारावफात और जन्माष्टमी त्योहारों को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रविवार को थाना मोहनलालगंज परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों और जिम्मेदार लोगों ने हिस्सा लिया। सहायक पुलिस आयुक्त मोहनलालगंज राजेश कुमार सिंह के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक राम बाबू सिंह ने त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सभी त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ परंपरागत तरीके से मनाया जाए। किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू न करने और विवाद की स्थिति से बचने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि त्योहारों के दौरान यदि कोई अराजकतत्व शांति व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करता है तो इसकी सूचना तत्काल थाना पुलिस को दें। किसी भी व्यक्ति द्वारा स्वयं कानून हाथ में लेकर कार्रवाई न करने की हिदायत दी गई।
एसीपी राजेश कुमार सिंह ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने में पुलिस के साथ आमजन का सहयोग भी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि त्योहारों को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।बैठक में त्योहारों के दौरान सड़क और बिजली व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर सड़कों पर बने गड्ढों को ठीक कराने तथा बिजली से संबंधित समस्याओं का समय रहते समाधान कराने के निर्देश दिए। इससे त्योहारों के दौरान लोगों को आवागमन और बिजली आपूर्ति को लेकर परेशानी न हो।इसके साथ ही धार्मिक कार्यक्रमों, जुलूस एवं अन्य आयोजनों को निर्धारित समयावधि में ही संचालित करने के निर्देश दिए गए। साउंड सिस्टम और डीजे का प्रयोग माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप करने को कहा गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि ध्वनि की निर्धारित सीमा और समय का उल्लंघन किसी भी स्थिति में नहीं किया जाना चाहिए।प्रभारी निरीक्षक राम बाबू सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान थाना क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ाई जाएगी और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पुलिस का सहयोग करने तथा किसी भी तरह की अफवाह या विवाद की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।बैठक में मौजूद संभ्रांत नागरिकों ने पुलिस प्रशासन को त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।
