निगोहां। निगोहां ग्राम सभा के लिए रविवार का दिन गौरव और प्रसन्नता का रहा। लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के रसोइयों के मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि तथा सभी रसोइयों को पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा देने के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड वितरित किए गए। इसी कार्यक्रम में निगोहां के पीएम श्री विद्यालय की रसोइया श्रीमती आशा तिवारी को मुख्यमंत्री ने स्वयं चेक प्रदान कर सम्मानित किया।आशा तिवारी का प्रदेशभर के रसोइयों में लखनऊ जनपद से चयन होना निगोहां क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। मुख्यमंत्री द्वारा निगोहां पीएम श्री विद्यालय की रसोइया को सम्मानित किए जाने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस अवसर पर निगोहां ग्राम प्रधान अभय दीक्षित ने आशा तिवारी को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे निगोहां क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के मानदेय में वृद्धि और स्वास्थ्य सुरक्षा की सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय कदम है। इससे रसोइया बहनों और उनके परिवारों को आर्थिक व स्वास्थ्य संबंधी सुरक्षा मिलेगी।
क्षेत्रवासियों ने भी आशा तिवारी को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाली रसोइया बहनें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाती हैं। उनके हित में लिए गए निर्णय से हजारों परिवारों को राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताते हुए कहा कि निगोहां की रसोइया को प्रदेश स्तर पर सम्मान मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।
