मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कस्बे में चोरों के हौसले बुलंद हैं। बुधवार सुबह तड़के चोरों ने अतरौली रायबरेली रोड स्थित ग्लोब हॉस्पिटल के सामने खड़ी एक बाइक पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। बाइक चोरी की पूरी वारदात अस्पताल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की संभावना जताई जा रही है।जानकारी के मुताबिक, दिनेश शर्मा पुत्र जगन्नाथ ग्लोब हॉस्पिटल में कर्मचारी हैं। बुधवार सुबह करीब पांच बजे उन्होंने अपनी बाइक अस्पताल के सामने खड़ी की थी। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटे तो बाइक मौके से गायब मिली। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं लग सका।
पीड़ित के मुताबिक चोरी हुई बाइक का नंबर UP 32 GZ 9419 है। सुबह के समय अस्पताल के सामने से बाइक चोरी होने की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि कस्बे में लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की गश्त और निगरानी व्यवस्था और मजबूत किए जाने की जरूरत है।पीड़ित ने मामले की जानकारी पुलिस को देकर बाइक बरामद कराने और अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने में जुटी है।
