पति की तहरीर पर निजी क्लीनिक के डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार पुलिस ने शुरू की जांच…….
मोहानलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली के कनकहा क्षेत्र स्थित एक निजी क्लीनिक में बच्चेदानी का ऑपरेशन कराने के करीब दो माह बाद 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने निजी क्लीनिक के डॉक्टरों पर ऑपरेशन में लापरवाही बरतने और गलत तरीके से सर्जरी करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका के पति की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने अस्पताल के डॉक्टरों की कथित लापरवाही के संबंध में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।जानकारी के मुताबिक मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के कूड़ा गांव निवासी लवकुश की 35 वर्षीय पत्नी सुनीता का करीब दो माह पहले 30 जून 2026 को कनकहा स्थित धनवंतरी पाली क्लीनिक में बच्चेदानी का ऑपरेशन हुआ था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद से ही सुनीता की तबीयत लगातार खराब रहने लगी। पति का आरोप है कि ऑपरेशन में चिकित्सकीय लापरवाही बरती गई और गलत तरीके से सर्जरी किए जाने के कारण महिला की हालत बिगड़ती चली गई। मृतका के परिजनों द्वारा बताया गया की मंगलवार रात सुनीता की तबीयत अचानक अधिक बिगड़ गई। परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोहनलालगंज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से महिला की मौत की सूचना पुलिस को मेमो के माध्यम से दी गई। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक रामसागर गुप्ता, उपनिरीक्षक मेघा तिवारी समेत पुलिस टीम सीएचसी पहुंची और मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया।
पति ने लगाया ऑपरेशन में लापरवाही का आरोप…..
मृतका के पति लवकुश ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि 30 जून को धनवंतरी पाली क्लीनिक में उसकी पत्नी का बच्चेदानी का ऑपरेशन कराया गया था। आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान चिकित्सकों ने लापरवाही बरती और गलत तरीके से सर्जरी की, जिसके बाद से ही सुनीता की हालत खराब होती चली गई। काफी समय तक इलाज चलने के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और आखिरकार उसकी मौत हो गई।
पति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने निजी क्लीनिक के डॉक्टरों के खिलाफ कथित चिकित्सकीय लापरवाही के मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इसके साथ ही ऑपरेशन से संबंधित मेडिकल दस्तावेज, इलाज की रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल किया जाएगा। मामले में चिकित्सकीय लापरवाही की पुष्टि के लिए स्वास्थ्य विभाग सीएमओ स्तर से भी जांच कराई जाएगी।
