सोलह दिन तक कोतवाली के चक्कर काटने का आरोप, सोशल मीडिया पर मामला वायरल होने के बाद पुलिस ने दर्ज की एफआईआर…….
मोहानलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र में एक युवती ने अपने सहकर्मी युवक पर शादी का झांसा देकर करीब दो वर्षों तक यौन शोषण करने, गर्भवती होने पर दवा खिलाकर गर्भपात कराने और शादी के लिए धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसके साथ मारपीट और धमकी भी दी। शिकायत के बाद करीब सोलह दिनों तक पुलिस के चक्कर काटने का भी उसने आरोप लगाया। मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पीड़िता पीजीआई थाना क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही है और मोहनलालगंज कस्बे में किराये के मकान में रहकर निजी नौकरी करती है। पीड़िता की तहरीर के मुताबिक, साथ काम करने के दौरान उसकी पहचान मो. रिहान पुत्र रमजान, निवासी भिटहरा, जगसेनदा, फतेहपुर, जनपद बाराबंकी से हुई थी। आरोप है कि युवक ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए और करीब दो वर्षों तक उसका यौन शोषण करता रहा।
पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान वह करीब तीन माह की गर्भवती हो गई। आरोप है कि युवक ने उसे जबरन दवा खिलाकर गर्भपात करा दिया। बाद में जब उसने शादी के लिए दबाव बनाया तो आरोपी ने धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बनने के बाद ही शादी करने की बात कही। विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़िता के मुताबिक, इसके बाद आरोपी उसे छोड़कर सूरत चला गया।पीड़िता का कहना है कि वह शिकायत लेकर लगातार करीब सोलह दिनों तक मोहनलालगंज कोतवाली के चक्कर काटती रही, लेकिन मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। उसने उच्चाधिकारियों से भी न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई।
जब ये मामला सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। इसके बाद पुलिस ने पीड़िता को दोबारा थाने बुलाकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह के मुताबिक, पूर्व में शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच की थी। जांच के दौरान दोनों के बीच पहले से दोस्ती और साथ रहने की बात सामने आई थी। पुलिस के अनुसार, उस समय लगाए गए आरोप प्रथमदृष्टया पुष्ट नहीं पाए गए थे। इंस्पेक्टर ने यह भी बताया कि महिला के पूर्व से शादीशुदा होने की बात सामने आई है। अब उसे दोबारा थाने बुलाया गया है। उसके बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। युवती द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
