जश्ने ईद मिलादुन्नवी पर हर्षोल्लास के साथ निकला जुलूस, इस्लामी झंडे के साथ लहराया तिरंगा हिंदू समाज के लोगों ने भी दिखाई सहभागिता……
निगोहां, लखनऊ। जश्ने ईद मिलादुन्नवी के अवसर पर बुधवार को निगोहां कस्बे में बारावफात का जुलूस हर्षोल्लास और आपसी भाईचारे के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की पैदाइश की खुशी मनाई। जुलूस के दौरान इस्लामी झंडों के साथ तिरंगा भी लहराता नजर आया, जो क्षेत्र में गंगा-जमुनी तहजीब और आपसी सौहार्द की मिसाल बना।जुलूस निर्धारित मार्ग से होते हुए शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ा। रास्ते में लोगों ने जुलूस का स्वागत किया। खास बात यह रही कि हिंदू समाज के लोगों ने भी जुलूस में अपनी सहभागिता दर्ज कराते हुए आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। इससे क्षेत्र में सामाजिक एकता और आपसी विश्वास की तस्वीर देखने को मिली।जुलूस को लेकर निगोहां पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार कन्नौजिया मय पुलिस फोर्स के साथ मौके पर तैनात रहे और जुलूस के पूरे मार्ग पर पुलिसकर्मियों ने निगरानी बनाए रखी। पुलिस टीम ने जुलूस की व्यवस्था, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी, जिससे जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सका।पुलिस की मुस्तैदी और आयोजकों की जिम्मेदारी के चलते कहीं भी किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई। जुलूस में शामिल लोगों ने भी प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखा।बारावफात के जुलूस के दौरान इस्लामी झंडे के साथ तिरंगे का लहराना और हिंदू समाज के लोगों की सहभागिता क्षेत्र की सामाजिक एकता का संदेश देती नजर आई। स्थानीय लोगों ने कहा कि निगोहां की पहचान आपसी भाईचारे और सौहार्द के लिए है और सभी समुदायों को एक-दूसरे के त्योहारों में इसी तरह सहभागिता करते हुए मिल-जुलकर रहना चाहिए।जुलूस के शांतिपूर्ण संपन्न होने पर पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। निगोहां पुलिस की सतर्कता और क्षेत्रवासियों के सहयोग से जश्ने ईद मिलादुन्नवी का कार्यक्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
