मोहनलालगंज, लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के कुन्दनखेड़ा गांव निवासी महिला ने अपने पति पर मानसिक प्रताड़ना, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पति समेत एक महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक कुन्दनखेड़ा निवासी सरोजनी पत्नी सर्वेश कुमार ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि उसके पति सर्वेश कुमार का गांव की ही एक महिला से संबंध है। आरोप है कि पति उक्त महिला का साथ देते हुए पीड़िता को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित करता है। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता की तहरीर पर मोहनलालगंज पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में पति सर्वेश कुमार पुत्र दिनेश कुमार तथा अखिलेश कुमारी पत्नी रत्तीपाल, दोनों निवासी कुन्दनखेड़ा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों एवं आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
