सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से पुलिस को मिली सफलता, चोरी की बाइक बरामद आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं मुकदमे…….
निगोहां। निगोहां पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी चोरी की बाइक को बेचने के लिए लखनऊ ले जाने की फिराक में थे। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दोनों को नगराम क्षेत्र के पतौना गांव स्थित वन विभाग के जंगल के पास से गिरफ्तार किया।थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार ने बताया कि रामपुरगढ़ी जमुनी निवासी सुमित कुमार ने शनिवार को निगोहां थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी मोटरसाइकिल गांव में सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान अज्ञात चोर बाइक चोरी कर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना के शीघ्र अनावरण के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया।
पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की बाइक के साथ दो संदिग्ध युवक नगराम के पतौना गांव के पास वन विभाग के जंगल की ओर मौजूद हैं।सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ और जांच के दौरान उनकी पहचान पवन निवासी अमराई गांव, इंदिरानगर, हाल पता गड़रियनखेड़ा, नगराम तथा कन्हैया प्रजापति (35) निवासी गांव टिहर, थाना रामपुरा, जनपद जालौन, हाल पता तेलीबाग गोपालपुर के रूप में हुई।पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि 29 अगस्त की शाम करीब आठ बजे उन्होंने बाइक चोरी की थी और पुलिस से बचने के लिए उसे नगराम क्षेत्र के जंगल में छिपा दिया था। इसके बाद मौका देखकर बाइक को बेचने के लिए लखनऊ ले जाने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी कन्हैया प्रजापति के खिलाफ उरई और निगोहां थाने में चोरी के तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं दूसरे आरोपी पवन के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की अन्य थानों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।निगोहां पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया।
